उत्तरकाशी: उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है, जब सीमांत विकासखंड मोरी के ग्राम भद्रासु निवासी प्रतिभाशाली खिलाड़ी महक चौहान का चयन भारतीय सीनियर महिला रग्बी टीम में हुआ है। महक अब भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 16–17 मई 2026 को ताशकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली सेंट्रल एंड साउथ एशिया 7s चैंपियनशिप में भाग लेंगी।
महक चौहान इससे पहले भी भारतीय अंडर-18 और अंडर-20 रग्बी टीम का हिस्सा रह चुकी हैं और इन प्रतियोगिताओं में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर चुकी हैं। सीनियर राष्ट्रीय टीम में चयन होने के बाद उत्तराखंड रग्बी परिवार और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
ग्राम भद्रासु निवासी अरविंद चौहान की पुत्री महक चौहान ने अपने लगातार शानदार प्रदर्शन, मेहनत और संघर्ष के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता को प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
उत्तराखंड रग्बी एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आयुष सैनी, सचिव यशवंत सिंह, अध्यक्ष सूर्यकांत सैनी एवं फिटनेस ट्रेनर आकाश सिंह सहित खेल जगत से जुड़े लोगों ने महक चौहान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
