हरिद्वार: हरिद्वार में स्थित एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज में आज छह दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। आरजेके फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों से 700 से अधिक धनुर्धर भाग ले रहे हैं। इस आयोजन को तीरंदाजी का महाकुंभ कहा जा रहा है और यह प्रतियोगिता 21 जून तक चलेगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम की महापौर किरण जैसल, रेलवे पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
यह आयोजन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद तथा मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी महाराज के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
महापौर किरण जैसल ने कहा कि खेलों से युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। ऐसे आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती ने कहा कि खेलों से मानसिक और शारीरिक विकास होता है तथा युवा तेजी से खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। वहीं प्राचार्य डॉ. सुनील बत्रा ने ‘खेलो इंडिया’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्राप्त हुआ है।
आरजेके फाउंडेशन के निदेशक कुलदीप चौहान और रमेश प्रसाद ने बताया कि इस बार स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को असली सोने का मेडल दिया जाएगा, जो इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी विशेषता है।
इस प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। पहले दिन अंडर-13 आयु वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। देशभर के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं।
यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप युवा तीरंदाजों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।
