Udayprabhat
uttrakhand

जिलाधिकारी ने NEET-UG परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन के दिए निर्देश

चमोली: जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 262 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे तथा परीक्षा के लिए प्रौद्योगिकी संस्थान कोठियालसैंण, गोपेश्वर को एकमात्र परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा केंद्र तक सुगम पहुंच, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था तथा प्रभावी ट्रैफिक रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सुरक्षा एवं गोपनीयता के मद्देनजर परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरे, जैमर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी तैयारियों का पूर्व परीक्षण करने तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यवस्थागत समस्या न होने देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी अभ्यर्थी को यातायात बाधा या अन्य कारणों से परीक्षा केंद्र पहुंचने में कठिनाई होती है तो उसे तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 9411352136 एवं 7895500501 जारी किए हैं।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

Leave a Comment