रुड़की: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की शुक्रवार, 5 सितंबर 2025 को अपना 25वां दीक्षांत समारोह धूमधाम से मनाने जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे डॉ. जितेंद्र सिंह, माननीय केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), भारत सरकार। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभिशासक परिषद अध्यक्ष डॉ. बीवीआर मोहन रेड्डी करेंगे।
दीक्षांत समारोह में कुल 2614 छात्रों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी, जिनमें 1267 स्नातक, 847 स्नातकोत्तर और 500 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। इनमें 602 छात्राएँ भी सम्मिलित हैं। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) निर्मलजीत सिंह कलसी, आईएएस (सेवानिवृत्त), पूर्व अध्यक्ष, एनसीवीईटी, भारत सरकार, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, विद्युत मंत्रालय के सचिव श्री पंकज अग्रवाल पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दीक्षांत समारोह छात्रों की मेहनत और नवाचार का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह अवसर न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का प्रतीक है, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प का भी द्योतक है। उप निदेशक प्रो. उदय प्रताप सिंह ने कहा कि यह समारोह आईआईटी रुड़की की 178 वर्षों की विरासत और उत्कृष्टता को आगे बढ़ाता है। शैक्षणिक कुलशासक प्रो. एन.के. नवानी ने जानकारी दी कि प्रत्येक स्नातक छात्र ज्ञान और नवाचार की परंपरा को आगे ले जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समारोह का प्रचार वीडियो भी लॉन्च किया गया।
