Udayprabhat
uttrakhand

उत्तरकाशी में आस्था का नया रिकॉर्ड, 44 दिनों में 9.52 लाख श्रद्धालुओं ने किए गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के दर्शन

पिछले वर्ष की तुलना में 50,937 अधिक श्रद्धालु पहुंचे धाम, प्रशासन की व्यवस्थाओं की तीर्थयात्रियों ने की सराहना

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा-2026 के दौरान उत्तरकाशी में आस्था का नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है। यात्रा के 44 दिनों में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 9,52,841 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 50,937 अधिक है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद” के संकल्प तथा जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के कुशल नेतृत्व में यात्रा का संचालन सुचारू, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। यात्रा मार्गों से लेकर दोनों धामों तक यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता के लिए किए गए व्यापक प्रबंधों की श्रद्धालुओं द्वारा भी सराहना की जा रही है।

आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 के पहले 40 दिनों में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 8,18,546 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 8,57,010 पहुंच गई। इस प्रकार 38,464 अधिक श्रद्धालु धामों तक पहुंचे हैं।

वर्ष 2026 में 44वें दिन तक यमुनोत्री धाम में 4,67,641 तथा गंगोत्री धाम में 4,85,200 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि में यमुनोत्री में 4,49,495 और गंगोत्री में 4,52,409 श्रद्धालु पहुंचे थे।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और सूचना सहायता केंद्रों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। दोनों धामों में नोडल और सुपर नोडल अधिकारियों की तैनाती के साथ जनपद मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या जहां गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के प्रति अटूट आस्था को दर्शाती है, वहीं जिला प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं और सफल प्रबंधन की भी पुष्टि करती है। जिला प्रशासन ने चारधाम यात्रा के सुरक्षित, सुगम और सफल संचालन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Comment