राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लिया 2027 विधानसभा चुनाव तैयारियों का जायजा, बूथ प्रबंधन और मीडिया रणनीति पर दिया विशेष जोर
देहरादून: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेते हुए कोर ग्रुप, पदाधिकारियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठकों में नितिन नवीन ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने विपक्ष के मुद्दों का तथ्यात्मक और प्रभावशाली जवाब देने की रणनीति पर भी बल दिया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को मीडिया विभाग की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए नियमित रूप से जिला स्तर पर प्रेस वार्ताएं और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
दौरे के समापन पर नितिन नवीन मीडिया विभाग के कार्यों से संतुष्ट दिखाई दिए। उन्होंने मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान और उनकी टीम की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उनके इस संदेश से संगठन और मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
