Udayprabhat
uttrakhand

चमोली में ममता शर्मसार, गधेरे में मिला लावारिस नवजात, जांच में जुटी पुलिस

गोपेश्वर: चमोली जिले में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। दशोली विकासखंड के रागतोली गांव के समीप गुरुवार सुबह एक नवजात शिशु गधेरे के पास जीवित अवस्था में मिला। नवजात के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने गधेरे के पास बच्चे के रोने की आवाज सुनी थी। मौके पर पहुंचने पर नवजात लावारिस हालत में मिला, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी ने नवजात को सुबह के समय वहां छोड़ दिया होगा। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। पुलिस क्षेत्र में लगे संभावित सुरागों और अन्य जानकारियों को जुटाने में लगी हुई है।

 

रागतोली गधेरे के पास एक नवजात शिशु मिला है. उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है. मामले में आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है.
-सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस अधीक्षक-

 

Leave a Comment