साइबर अपराधियों के खिलाफ “आप्रेशन प्रहार” के तहत उत्तराखंड STF की कार्रवाई.
देहरादून: उत्तराखंड की स्पेशल टास्क फोर्स ने “आप्रेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत साइबर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। हाल ही में सामने आई धोखाधड़ी के मामले में कई पीड़ितों को सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से झांसा दिया गया था।
पीड़ितों को विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में जोड़कर ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने का लालच देकर लगभग 81.45 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। इन निवेशों को फर्जी एप्लिकेशन पर मुनाफे सहित दिखाया गया था।
पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड, दीपम सेठ के निर्देश पर, साइबर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है, ताकि साइबर पीड़ितों को न्याय मिल सके।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि जनपद उधम सिंह नगर के एक निवासी को ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर विभिन्न बैंक खातों में लगभग 82 लाख रुपये जमा करने के लिए मजबूर किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड के निर्देशन में विवेचना के लिए प्रकरण को उप पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों को सौंपा गया। साइबर क्राइम पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई और विश्लेषण के बाद यह पता चला कि धोखाधड़ी में शामिल अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर पीड़ितों से धन स्थानांतरित किया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर मुख्य अभियुक्त वैभव मनोज गाडगे की पहचान की है, जो नागपुर, महाराष्ट्र का निवासी है। उसे गिरफ्तार कर अग्रिम विवेचक कार्रवाई की जा रही है।
