Udayprabhat
accidentuttrakhand

हरियाणा के दो तीर्थयात्रियों की चट्टान गिरने से हुई दर्दनाक मौत, बदरीनाथ दर्शन कर लौट रहे थे यात्री

BADRINATH HIGHWAY ROAD ACCIDENT.

चमोली: उत्तराखंड में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे जनहानि की चिंता गहराती जा रही है। इसी क्रम में चमोली जिले के बदरीनाथ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें दो तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बदरीनाथ हाईवे पर टैया पुल के समीप उस समय हुआ जब हरियाणा से आए दो युवक बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से बड़े बोल्डर टूटकर उनकी बाइक पर गिर पड़े, जिससे वे संतुलन खो बैठे और बाइक समेत करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जोशीमठ भेज दिया।

मृतकों की पहचान:

सचिन कुमार (30 वर्ष) पुत्र सोम प्रकाश, ग्राम संदली, थाना जटलाना, जिला यमुनानगर, हरियाणा.
रवि कुमार (26 वर्ष) पुत्र कंवरपाल, कस्बा व थाना जटलाना, जिला यमुनानगर, हरियाणा.

जोशीमठ के उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हादसे के बाद परिवारों में शोक की लहर है।
बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने की घटनाएं आम हैं, जो तीर्थयात्रियों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है।

Leave a Comment