देहरादून: पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने, रैश ड्राइविंग और स्टंट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ युवक कार के बोनट पर बैठकर शराब के नशे में हुड़दंग करते नजर आ रहे हैं। मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने संबंधित थाना प्रभारी को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में पता चला कि वायरल वीडियो मसूरी क्षेत्र का है। वीडियो में दिख रहे वाहनों के नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए तीनों युवकों को मय वाहनों थाने बुलाया गया। पूछताछ के बाद तीनों अभियुक्तों को हिरासत में लिया गया और घटना में प्रयुक्त दोनों वाहनों को सीज कर लिया गया है।
