हल्द्वानी: अहमदाबाद से लंदन जा रहे एयर इंडिया विमान के क्रैश में हुई 266 नागरिकों की दर्दनाक मृत्यु को लेकर ‘एक समाज श्रेष्ठ समाज’ संस्था द्वारा पटेल चौक हल्द्वानी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और सदस्य योगिता बनोला के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कैंडल जलाकर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा.
इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष बलराम हालदार और सदस्य मनीष साहू ने संयुक्त रूप से कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। विमान उड़ान भरते ही क्रैश हो गया, जिससे देश और विदेश के 266 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। इस हादसे ने पूरे देश को गहरे शोक में डुबो दिया है।
संस्था पदाधिकारियों ने भगवान से मृतकों की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही भारत सरकार से मांग की कि इस भीषण हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व प्रभावी नीति बनाई जाए।
