रामनगर: कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बैलपड़ाव स्थित आईआरबी कैंप के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बैंककर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो रामनगर के जोगीपुरा का निवासी था और रुद्रपुर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेंद्र कुमार अपनी कार से रुद्रपुर से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बैलपड़ाव क्षेत्र में आईआरबी कैंप के पास पहुंचे, तभी उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उन्हें रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
