Udayprabhat
uttrakhandहेल्थ

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली.. दो एंबुलेंस हुई खराब, गर्भवती महिला को टैक्सी से पहुंचाया अस्पताल

 पहाड़ी क्षेत्रों में फिर उजागर हुई स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली.
गांवों में सुविधा के अभाव में समय पर नहीं मिल पा रही है इलाज की सुविधा.

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की खस्ता हालत एक बार फिर उजागर हुई है। अल्मोड़ा जनपद के चौखुटिया क्षेत्र में एक गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए दो-दो एंबुलेंस भेजी गईं, लेकिन दोनों ही रास्ते में खराब हो गईं। अंततः महिला को टैक्सी बुक कर अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना बुधवार देर शाम की है। चौखुटिया नगर पंचायत के गनाई गांव निवासी संजना देवी, पत्नी विजय कुमार, को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौखुटिया लाया गया। लेकिन महिला की स्थिति गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें रानीखेत रेफर कर दिया। रात को ही महिला को पहली एंबुलेंस से रानीखेत भेजा गया, लेकिन वह महाकालेश्वर के पास रास्ते में खराब हो गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद वह द्वाराहाट तक पहुंची। वहाँ दूसरी एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई, लेकिन वह भी मिरई के पास जाकर खराब हो गई।

इस बीच, महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। हालात को देखते हुए पति विजय कुमार ने तत्काल 1500 रुपये में एक टैक्सी बुक कर पत्नी को नागरिक चिकित्सालय रानीखेत पहुंचाया। उन्होंने बताया कि पहली एंबुलेंस में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन मौजूद थीं, लेकिन दूसरी एंबुलेंस में कोई मेडिकल स्टाफ नहीं था, जिससे हालत और बिगड़ सकती थी।

इस घटना ने फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कब उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों को सुचारु और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी?

 

 

 

 

 

Leave a Comment