Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की घोषणा पर युवक पर चाकू से हमला, गंभीर रूप से घायल

उधमसिंह नगर: ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने की घोषणा करना एक युवक को भारी पड़ गया। पांच लोगों ने उस पर राजनीतिक रंजिश के चलते हमला कर दिया और चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम किलावली की है। पीड़ित अनूप सिंह, पुत्र बचन सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पूर्व गांव में एक बैठक हुई थी, जिसमें समाज के लोगों ने उन्हें ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया। इस पर उन्होंने अपनी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी।

अनूप के अनुसार, 16 जून को जब वह गुरुद्वारे के हॉल की सफाई कर रहा था, तभी गांव के ही इंदर सिंह, महेंद्र सिंह, रविंदर सिंह, गुरमेल सिंह और हरगुन सिंह वहां पहुंचे और राजनीतिक द्वेषवश गाली-गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। आरोप है कि रविंदर सिंह ने कृपाण जैसे धारदार हथियार से उसकी दाईं आंख पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

शोर सुनकर अनूप के पिता बचन सिंह, चाचा सतवंत सिंह, अशोक सिंह, बलवीर सिंह व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।  पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित का इलाज चल रहा है और उसकी आंख की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Comment