उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। यमुनोत्री हाईवे पर पालीगाड़ के पास देर रात भू-धंसाव के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे हाईवे के दोनों ओर सैकड़ों श्रद्धालु फंसे हुए हैं।
श्रद्धालु यमुनोत्री धाम की यात्रा पर निकले थे, लेकिन मार्ग अवरुद्ध होने के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीर देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग (एनएच) की मशीनें मौके पर पहुंच गई हैं और मलबा हटाने का कार्य जारी है।
बारिश का असर राज्य के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोहबगड़ के पास बंद हो गया है।
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे सोनप्रयाग के पास अवरुद्ध है।
बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के पास भनेरपानी में मलबा आने से मार्ग बाधित है।
इन सभी स्थानों पर यात्रा वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और श्रद्धालु मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल ने बताया कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नेताला के पास खोल दिया गया है, लेकिन अन्य जगहों—बिशनपुर, लालडांग, हेल्कूगाड़ आदि में अब भी मलबा और पत्थर मार्ग अवरुद्ध कर रहे हैं। इन स्थानों पर बीआरओ की टीम मार्ग खोलने में जुटी हुई है।
पालीगाड़ के पास यमुनोत्री हाईवे पर भी एनएच बड़कोट की ओर से मार्ग सुचारू करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस बीच गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी है, जिससे राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है।
