Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में फर्जी संस्था का भंडाफोड़, युवाओं से ठगी कर लाखों की वसूली, तीन आरोपी चिह्नित

देहरादून: नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अजबपुर में एक फर्जी संस्था द्वारा युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण का झांसा देकर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। बिहार के पटना में पंजीकृत इस संस्था ने देहरादून में कार्यालय खोलकर प्रति युवक ₹6100 की राशि वसूल की थी। आरोप है कि यह रकम कथित रूप से सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षण के नाम पर ली गई थी।

पुलिस जांच में संस्था की कार्यप्रणाली और बैंक खातों में भारी अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद थाना नेहरू कॉलोनी में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने संस्था के देहरादून कार्यालय से सभी दस्तावेज़ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। साथ ही संस्था और उसके अकाउंटेंट के बैंक खातों को सीज कर दिया गया है। जिन खातों में बड़े पैमाने पर लेनदेन हुआ था, उन्हें भी चिन्हित कर फ्रीज़ किया जा रहा है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के संज्ञान लेने के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। विवेचना में सामने आया है कि संस्था तीन बिहार निवासियों के नाम पर रजिस्टर्ड है। सदस्यता के नाम पर युवाओं से पैसे लिए गए और प्रत्येक नए सदस्य के बदले ₹400 की प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही थी। संस्था के बायलॉज में किसी भी प्रकार के आर्थिक लेनदेन का उल्लेख नहीं है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य राज्यों से भी ठगी की कड़ियाँ जुड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

Leave a Comment