कोटाबाग पुलिस चौकी में सिपाही पर मारपीट का आरोप, विधायक और परिजन मौके पर पहुंचे.
पुलिस जांच जारी, दोषी पर होगी कार्रवाई: एसपी सिटी.
हल्द्वानी : कालाढूंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटाबाग पुलिस चौकी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ कथित रूप से एक पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारे जाने से आहत होकर बीजेपी नेता विशन नागरकोटी के बेटे ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हंगामे की स्थिति बन गई, परिजनों और स्थानीय लोगों ने चौकी के बाहर प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बाइक सवार युवक को चेकिंग के दौरान रोका गया
मामला शुक्रवार देर शाम का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कमल नागरकोटी (पुत्र: विशन नागरकोटी) बाइक से जा रहा था, तभी कोटाबाग चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे रोका। इस दौरान किसी बात को लेकर कमल और सिपाही के बीच बहस हो गई, जिसके बाद सिपाही ने कथित रूप से उसे थप्पड़ मार दिया।
मानसिक रूप से आहत होकर की आत्महत्या, परिजन
कमल नागरकोटी के चाचा रविंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि सिपाही द्वारा की गई मारपीट से उनका भतीजा मानसिक रूप से बेहद आहत हुआ, और उसने खुदकुशी कर ली। परिजनों ने इस घटना को पुलिसिया अभद्रता और मानसिक उत्पीड़न का परिणाम बताया है।
चौकी के बाहर धरना, विधायक पहुंचे मौके पर
शनिवार सुबह से ही परिजनों और स्थानीय लोगों ने कोटाबाग पुलिस चौकी के बाहर धरना दिया। घटना की जानकारी मिलते ही कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बात की। उन्होंने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया।
मामले की जांच जारी: एसपी सिटी
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि कोई भी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
