उत्तराखंड लौटने की तैयारी में था परिवार, बेटे ने लाइसेंसी बंदूक से की पिता की हत्या.
पुलिस ने मौके से आरोपी को किया गिरफ्तार, हथियार और कारतूस भी जब्त.
देहरादून/दिल्ली: उत्तर दिल्ली के तिमारपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मामूली कहासुनी के बाद बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक सुरेंद्र सिंह (60) सीआईएसएफ से सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक थे और परिवार सहित उत्तराखंड स्थित पैतृक गांव लौटने की तैयारी कर रहे थे।
गाड़ी की आगे की सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार 26 जून की शाम करीब 7:30 बजे की है। सुरेंद्र सिंह ने उत्तराखंड जाने के लिए टेंपो किराए पर लिया था और सामान लोड किया जा रहा था। इसी दौरान पिता और बेटे दीपक के बीच टेंपो की आगे वाली सीट पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर दीपक ने पिता की लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और उन पर गोली चला दी।
गश्त कर रही पुलिस को मिली सूचना, मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा
घटना तिमारपुर के एमएस ब्लॉक के पास हुई, जहां गश्त कर रही पुलिस टीम को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने देखा कि 60 वर्षीय सुरेंद्र सिंह खून से लथपथ सड़क पर पड़े हैं और स्थानीय लोग उनके बेटे से बंदूक छीनने की कोशिश कर रहे हैं।
स्थानीय लोग सुरेंद्र सिंह को एचआरएच अस्पताल लेकर गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोली उनके बाएं गाल पर लगी थी, जिससे चेहरा बुरी तरह घायल हो गया था।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
