Udayprabhat
uttrakhandweather

उत्तराखंड में झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आज फिर से भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, अल्मोड़ा, चमोली और उधम सिंह नगर जिलों में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। नैनीताल, देहरादून और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका है। अन्य जनपदों में भी भारी बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। साथ ही, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

देहरादून में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। संपर्क मार्गों पर मलबा व बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हो रहा है। कई मार्गों पर लंबा जाम लगने के कारण यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग खुलने के बाद ही लोग अपने गंतव्य की ओर बढ़ पा रहे हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और बारिश प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतें।

Leave a Comment