Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड स्कूलों में गीता पाठ पर विवाद, प्रार्थना सभा में गीता के श्लोक पढ़ाने के निर्देश पर शिक्षकों ने जताई आपत्ति

उत्तराखंड स्कूलों में गीता पाठ का निर्देश विवादों में, शिक्षक संघ ने बताया संविधान विरोधी.
एससी-एसटी शिक्षक संघ ने शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर की निर्देश वापस लेने की मांग.
संविधान के अनुच्छेद 28(1) का हवाला देकर बताया धर्मनिरपेक्षता के विरुद्ध.

देहरादून: उत्तराखंड के सरकारी और अशासकीय विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान श्रीमद्भगवद् गीता के श्लोक पढ़ाए जाने के निर्देश को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन ने इस निर्देश का विरोध करते हुए इसे संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन बताया है और शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर निर्देश को वापस लेने की मांग की है।

संघ के अध्यक्ष संजय कुमार टम्टा ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 28(1) के तहत उन शैक्षणिक संस्थानों में, जो पूर्णतः या आंशिक रूप से सरकारी निधि से संचालित हैं, धार्मिक शिक्षा नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि किसी एक धर्म विशेष से जुड़े ग्रंथ के श्लोकों को प्रार्थना सभा में अनिवार्य करना देश की धर्मनिरपेक्ष भावना के विरुद्ध है।

संघ का कहना है कि सरकारी स्कूलों में विभिन्न धर्मों, जातियों और समुदायों के छात्र अध्ययन करते हैं। ऐसे में श्रीमद्भगवद् गीता जैसे हिंदू धार्मिक ग्रंथ के श्लोकों को अनिवार्य बनाना, अन्य धर्मों के छात्रों के लिए असहजता और भेदभाव की स्थिति पैदा कर सकता है। इससे सामाजिक समरसता और समावेशी शिक्षा की भावना को आघात पहुंचेगा।

शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी धार्मिक ग्रंथ के विरोध में नहीं हैं, लेकिन शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य वैज्ञानिक सोच, तर्कशीलता और समावेशी मूल्यों को बढ़ावा देना होना चाहिए, न कि किसी विशेष धार्मिक विचारधारा को थोपना।  संघ ने मांग की है कि शिक्षा विभाग इस निर्देश को तत्काल प्रभाव से निरस्त करे और धर्मनिरपेक्ष शिक्षा प्रणाली की मर्यादा बनाए रखे।

Leave a Comment