Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में जलभराव से लोग परेशान, DM ने 3 दिन में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी FIR

देहरादून में अधूरी खुदाई बनी मुसीबत, बारिश में जलभराव ने बढ़ाई परेशानी.

देहरादून: शहर में सीवर, पेयजल, गैस पाइपलाइन बिछाने और बिजली लाइनों को भूमिगत करने के लिए सड़कों पर जगह-जगह खुदाई की गई है। बरसात में इन गड्ढों में पानी भर गया है, वहीं खुदाई से निकले मलबे ने नालियों को बंद कर दिया है। इसका असर आम जनजीवन पर पड़ा है और लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने जलभराव की समस्या से त्वरित राहत के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को फील्ड में उतारा है। टीम ने कई स्थानों पर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की है, लेकिन बंजारावाला क्षेत्र में सीवर लाइन बिछाने के कारण समस्या बनी हुई है।

लगातार हो रही बारिश से लक्ष्य एन्क्लेव और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। प्रतिदिन वहां से शिकायतें मिल रही हैं। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए DM ने कार्यदायी संस्था यूयूएसडीए से जवाब मांगा है। संस्था ने बताया कि मुख्य सड़क पर काम पूरा हो चुका है जबकि आंतरिक सड़कों पर कार्य 50% ही हुआ है।

इस पर DM बंसल ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि शेष कार्य तीन दिन में पूर्ण किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर FIR दर्ज की जाएगी। निर्देशों के पालन की निगरानी के लिए उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया है।

इसी बीच, दून अस्पताल मार्ग पर एक नाले से अवैध रूप से सीवर लाइन को जोड़े जाने का मामला सामने आया है। इससे कचरा सीवर में जाकर लाइन चोक हो गई। QRT की जांच में बड़ी मात्रा में बोतलें, मलबा और अन्य कचरा मिला जिसे निकालकर लाइन को साफ किया गया। अवैध पाइपलाइन को बंद कर दिया गया है। इससे पहले प्रिंस चौक और बंजारावाला में भी इसी तरह की सीवर चोक समस्याओं का समाधान QRT कर चुकी है।

Leave a Comment