रुड़की (हरिद्वार): हरिद्वार बाईपास पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में एक कांवड़ यात्री की मौत हो गई। रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ढंढेरी के पास हरियाणा रोडवेज की बस ने एक कांवड़ यात्री को टक्कर मार दी।
हादसे में घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल रुड़की ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रोहित (28 वर्ष), निवासी देवली रोड, जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर भारी तनाव की स्थिति बन गई। साथी कांवड़ यात्रियों ने गुस्से में हंगामा किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला और आक्रोशित भीड़ को शांत कराया।
आरोपित बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और घटना की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई है।
