Udayprabhat
uttrakhand

अल्मोड़ा पंचायत चुनाव से पहले शराब तस्करी का भंडाफोड़, जलते कैंटर से मिली लाखों की अवैध शराब

अल्मोड़ा : त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की सरगर्मी के बीच अल्मोड़ा में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोमेश्वर थाना क्षेत्र में एक जलते हुए कैंटर वाहन से लाखों रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और वाहन की तलाशी के दौरान शराब की बड़ी खेप जब्त की।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि पथरिया-मझखाली मार्ग पर एक कैंटर (UK04 CC 1994) में आग लग गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। कैंटर से भयानक आग की लपटें उठ रही थीं। फायर ब्रिगेड रानीखेत को बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जब पुलिस ने जले हुए वाहन की तलाशी ली तो उसमें अवैध अंग्रेजी शराब की सैकड़ों पेटियां मिलीं, जिनमें से कुछ जल चुकी थीं। पुलिस ने मौके से 840 बोतल, 168 अध्धे और 8208 पव्वे बरामद कर कब्जे में ले लिए हैं।

थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि शराब तस्करी के इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष के साथ उप निरीक्षक प्रेम सिंह खोलिया, हेड कांस्टेबल अमीरचंद, हरीश आर्या, जितेंद्र मेहता, कांस्टेबल नीरज मेहरा, गोरखनाथ, हरीश सिंह व अली अहमद शामिल थे।

Leave a Comment