Udayprabhat
uttrakhand

हल्द्वानी में रेलवे जमीन पर अवैध कब्जा, नेपाली मूल के सात परिवारों के पास मिले भारतीय दस्तावेज, प्रशासन ने शुरू की जांच

हल्द्वानी (नैनीताल): बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण की जांच के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम को सत्यापन अभियान के दौरान नेपाली मूल के सात ऐसे परिवार मिले हैं, जिन्होंने रेलवे भूमि पर अवैध कब्जा करने के साथ-साथ भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने हेतु भारतीय दस्तावेज भी तैयार करवा लिए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने जानकारी दी कि रेलवे और जिलाधिकारी के निर्देश पर बनभूलपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान जब टीम किदवई नगर पहुंची, तो वहां रह रहे कई परिवारों के दस्तावेज देखकर टीम हैरान रह गई। नेपाली मूल के इन नागरिकों के पास राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वोटर आईडी कार्ड तक मौजूद पाए गए।

सिटी मजिस्ट्रेट के अनुसार, इन परिवारों ने केवल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा ही नहीं किया है, बल्कि बिजली की चोरी भी कर रहे थे। दस्तावेजों की जांच के लिए सरकारी अभिलेख जैसे खसरा, नक्शा और सीमांकन के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। भूमि की स्थिति की पुष्टि के बाद कब्जाधारी के नाम, कब्जे का स्वरूप और क्षेत्रफल सहित प्रारंभिक सूची तैयार कर ली गई है।

रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम पूरे अतिक्रमण क्षेत्र की पहचान कर रही है। सत्यापन पूरा होने के बाद सभी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन अब इस बात की गहन जांच कर रहा है कि नेपाली नागरिकों के पास भारतीय दस्तावेज कैसे पहुंचे और इसमें किस स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत हुई है। यदि किसी सरकारी कर्मचारी या स्थानीय एजेंट की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

बिजली चोरी की पुष्टि के बाद विद्युत विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत सजा दी जाएगी।

Leave a Comment