Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड पंचायत चुनाव: मतदान बूथ जाते वक्त मतदान कर्मी की हार्ट अटैक से मौत, पीठासीन अधिकारी घायल- Munsyari Polling Worker Died

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच एक दुखद हादसा सामने आया है। मुनस्यारी विकासखंड में मतदान ड्यूटी पर जा रहे एक कर्मचारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई, जबकि एक अन्य पीठासीन अधिकारी रास्ते में फिसलकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान 24 जुलाई को होना है। इसके तहत सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में तैनात पोलिंग पार्टियों को दुर्गम पहाड़ी इलाकों के बूथों तक पहुंचाया जा रहा है। मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक मनीष पंत को उनकी टीम के साथ प्राथमिक विद्यालय गोल्फा बूथ के लिए भेजा गया। चार किलोमीटर पैदल खड़ी चढ़ाई चढ़ते समय मनीष पंत को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह बेहोश हो गए। कुछ ही देर में हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई। 44 वर्षीय मनीष मूल रूप से बेरीनाग के रहने वाले थे, वर्तमान में उनका परिवार पिथौरागढ़ में रह रहा था।

वहीं दूसरी ओर, एक अन्य घटना में चामी भैंसकोट बूथ पर जा रहे पीठासीन अधिकारी गौरव कुमार बारिश के कारण फिसलन भरे रास्ते पर गिर पड़े और उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें नाचनी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित बूथों पर अन्य कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।

बताते चलें कि पिथौरागढ़ में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने मार्गों को अत्यंत खराब बना दिया है। बावजूद इसके, पोलिंग पार्टियां जोखिम उठाकर अपने गंतव्यों तक पहुंच रही हैं। प्रथम चरण के अंतर्गत धारचूला, मुनस्यारी, डीडीहाट और कनालाछीना में गुरुवार को मतदान कराया जाएगा।

इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इलाकों में कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए क्या पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। मृतक कर्मचारी मनीष पंत के निधन पर साथी कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

Leave a Comment