Udayprabhat
uttrakhand

देवभूमि में देशभक्ति का जश्न, सीएम धामी ने परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा

देहरादून: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। राजधानी देहरादून में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के अमर बलिदानियों ने जिस मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे पूरा करने की दिशा में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।

 

सीएम धामी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करना होगा। उन्होंने जनभागीदारी और सामूहिक प्रयासों को देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश के संतुलित और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ राज्य के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकास की इस यात्रा में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है।

Leave a Comment