हल्द्वानी: नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर खुर्पाताल के पास शनिवार को पर्यटकों से भरी एक थार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच पर्यटक घायल हो गए। सभी घायलों को रेस्क्यू कर पहले नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, थार में दिल्ली और राजस्थान से आए पांच पर्यटक सवार थे। खुर्पाताल के समीप वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और करीब 100 से 150 फीट नीचे खाई में जा गिरा। वाहन लुढ़कते हुए खुर्पाताल झील के किनारे तक पहुंच गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। खाई की गहराई और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव दल ने सभी पांच घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद घायलों को उपचार के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में खोया। हादसे ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर रेखांकित किया है।
