उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस द्वारा यात्रा मार्गों पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बड़कोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 678 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में कोतवाली बड़कोट पुलिस टीम ने नगाण गांव बस स्टॉप के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोका।
तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 678 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरजमणी (25 वर्ष) पुत्र दलपित निवासी कुठार रानाचट्टी, कोतवाली बड़कोट के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल अनिल रावत, सुरेश थपलियाल तथा कांस्टेबल चालक विपिन शर्मा शामिल रहे।
