Udayprabhat
uttrakhand

रुड़की में सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह, 300 मेधावियों को मिला सम्मान

रुड़की: हरिद्वार रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शूरसैनी जागृति मिशन, रुड़की द्वारा “सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, संगीत, चिकित्सा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लगभग 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा शूरसेनी, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं माता सावित्रीबाई फुले के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यमंत्री आदेश सैनी एवं समिति अध्यक्ष सुंदर पाल सैनी ने की, जबकि संचालन पंकज सैनी द्वारा किया गया।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त एडिशनल डायरेक्टर जनरल (एमईएस) राकेश सैनी ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और उन्हें नई ऊंचाइयों को छूने के लिए उत्साहित करता है। विशिष्ट अतिथि डिप्टी एडवोकेट जनरल डॉ. अजय वीर पुंडीर ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मोहित कुमार ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।

समारोह में हाल ही में पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले रायपुर निवासी निशू सैनी, रुड़की निवासी विशाल सैनी एवं साढ़ोली निवासी काजल सैनी के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही ओलंपिक मेडलिस्ट शौर्य सैनी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में सहारनपुर निवासी प्रसिद्ध गायक अंशुल सैनी ने अपनी प्रस्तुति देकर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Leave a Comment