हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में सेवा, समर्पण और मानवता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए श्री हरमिलाप मिशन पिछले छह माह से लगातार निःशुल्क चाय वितरण सेवा संचालित कर रहा है। इस सेवा के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 500 कप चाय श्रद्धालुओं, साधु-संतों, यात्रियों एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जा रही है, जिससे थके-हारे यात्रियों को न केवल राहत मिल रही है, बल्कि उन्हें आत्मीयता और अपनत्व का अनुभव भी हो रहा है।
यह पुनीत सेवा 1008 मुनि हरमिलापी जी महाराज की असीम कृपा, परम पूज्य मदन मोहन हरमिलापी जी के आशीर्वाद तथा परम आदरणीया संगीता हरमिलापी के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। मिशन के समर्पित सेवादार प्रतिदिन सुबह से ही चाय निर्माण, वितरण और स्वच्छता व्यवस्था को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ संभालते हैं।
हरिद्वार में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालु गंगा दर्शन और आध्यात्मिक साधना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यह सेवा उनके लिए एक बड़ी राहत साबित हो रही है। लाभान्वित लोग मिशन की इस पहल की खुले दिल से सराहना कर रहे हैं और इसे मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण बता रहे हैं।
मिशन पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी और भविष्य में इसे और विस्तारित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंच सके।
हरमिलाप मिशन की यह पहल इस संदेश को मजबूत करती है कि सच्ची आध्यात्मिकता केवल पूजा-पाठ में नहीं, बल्कि निःस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा करने में निहित है।
