Udayprabhat
uttrakhand

आपदा के लिहाज से बेहद संवेदनशील है उत्तरकाशी, सभी विभाग समन्वय के साथ करें काम : मदन कौशिक

उत्तरकाशी: मानसून सीजन को देखते हुए उत्तरकाशी जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने एक दिवसीय दौरे के दौरान अधिकारियों की बैठक लेकर सभी विभागों को मानसून से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि भूस्खलन के कारण दूरस्थ गांवों का संपर्क कटने की आशंका रहती है। ऐसे में खाद्यान्न, एलपीजी, ईंधन और जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडारण पहले से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एनएच, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई को संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी व पोकलैंड मशीनें पहले से तैनात रखने के निर्देश दिए, ताकि सड़कें बंद होने पर तत्काल यातायात बहाल किया जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली-पानी की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपदा के दौरान यात्रियों से अधिक वसूली रोकने के लिए होटल, ढाबों और दुकानों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 25 संवेदनशील जोन चिन्हित किए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 60 से अधिक मशीनें, एसडीआरएफ की 6 और एनडीआरएफ की 2 टीमें तैनात हैं। 68 विद्यालयों को शेल्टर होम तथा 19 सक्रिय हेलीपैड तैयार किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।

Leave a Comment