पिरान कलियर: थाना कलियर पुलिस ने एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो चोरी के ट्रैक्टर बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 9 जून 2026 को दरियापुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अजय कुमार, अभिषेक कुमार और अंकुश को दो ट्रैक्टरों सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2024 में कलियर से तथा करीब दो माह पूर्व पंजाब के नारायणगढ़ क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी करने की बात स्वीकार की।
बरामद ट्रैक्टरों में महिंद्रा 575 शामिल है, जो 16 मई 2024 को मुकर्रबपुर निवासी शफ्फकत के यहां से चोरी हुआ था। इसके अलावा एक लाल रंग का स्वराज 855 ट्रैक्टर भी बरामद हुआ, जिसे आरोपियों ने पंजाब से चोरी किया था।
आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद वे ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट हटा देते थे और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी ढुलाई व मजदूरी के काम में लगाकर इस्तेमाल करते थे, जिससे पुलिस की नजरों से बचा जा सके। उन्होंने खुलासा किया कि चौथे साथी हैप्पी निवासी खजूरी, देवबंद के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही तीनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
