Udayprabhat
accidentuttrakhandदेहरादून

देहरादून: तेज रफ्तार कार ने छात्रा को मारी टक्कर, कोमा में छात्रा…अस्पताल और थाने के चक्कर काट रही विधवा मां

देहरादून: उत्तरांचल यूनिवर्सिटी की एलएलबी प्रथम वर्ष की छात्रा 19 वर्षीय प्रज्ञा को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्रज्ञा गंभीर रूप से घायल हो गईं और अब अस्पताल में कोमा में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।

यह घटना पटेलनगर थाना क्षेत्र के सरोवर होटल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, प्रज्ञा 23 अक्टूबर की शाम दिल्ली से बस द्वारा देहरादून पहुंची थीं। बस से उतरने के बाद जब वह सड़क पर पैदल अपने घर जाने के लिए आगे बढ़ रही थीं, तभी पीछे से आती एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रज्ञा सड़क पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

आरोपी चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद आरोपी चालक मौके से कार सहित फरार हो गया। पुलिस ने इसे हिट एंड रन का मामला बताते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पटेलनगर थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। अधिकारी ने यह भी कहा कि डॉक्टर लगातार छात्रा की हालत पर नजर बनाए हुए हैं, हालांकि प्रज्ञा की स्थिति अब भी बेहद गंभीर है।

विधवा मां की बेबसी, बेटे पर मानसिक आघात

घटना के बाद से प्रज्ञा की मां आशा पूरी तरह टूट चुकी हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है, जिसके बाद वह अकेले ही अपने तीन बच्चों की परवरिश कर रही हैं। अब उनकी बड़ी बेटी अस्पताल में कोमा में है, जबकि 13 वर्षीय छोटा बेटा मानसिक आघात से गुजर रहा है और घर में अकेला रह गया है।

आशा दिन-रात अस्पताल और पुलिस थाने के चक्कर काट रही हैं। आंखों में आंसू और मन में उम्मीद के साथ वह कहती हैं — “मुझे बस इतना चाहिए कि मेरी बेटी ठीक हो जाए और जिसने यह किया है, उसे सजा मिले।”

Leave a Comment