Udayprabhat
uttrakhand

संत समाज के मार्गदर्शन से उत्तराखंड बनेगा देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य: सीएम धामी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरि सेवा आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ एवं विशाल संत सम्मेलन में भाग लेते हुए संत-महात्माओं का अभिनंदन किया। उन्होंने आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा, संस्कार और समाज जागरण के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानवता को आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और जीवन के वास्तविक उद्देश्य से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चेतना का प्रमुख आधार है। इतिहास में संतों और ऋषि-मुनियों ने समाज को सही दिशा देने के साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में संत समाज का योगदान अतुलनीय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्य भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए सरकार ने सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता और भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले लागू किए हैं। साथ ही सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है, जहां भारतीय दर्शन, संस्कृति और सभ्यता पर उच्च स्तरीय अध्ययन एवं शोध होगा। इसके अलावा हरिद्वार में प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने स्वामी हरिचेतानंद जी महाराज का आभार व्यक्त करते हुए संत समाज से राज्य और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद देने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वास जताया कि संतों के आशीर्वाद और जनता के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प अवश्य पूरा होगा।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी भूषण, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा सहित अनेक संत-महात्मा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment