Udayprabhat
uttrakhand

गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग पर ओवरलोड और अनफिट वाहनों पर सख्ती, डीएम के निर्देश पर चलेगा अभियान

उत्तरकाशी: चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में गंगोत्री और यमुनोत्री मार्ग पर चल रहे बिना फिटनेस, ओवरलोड और बिना परमिट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर सड़कें बेहद संकरी हैं। ऐसे में पुराने और अनफिट वाहनों के खराब होने से लंबा जाम लगने के साथ यात्रियों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने साफ कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने एआरटीओ को तत्काल प्रभाव से गंगोत्री और यमुनोत्री मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बिना परमिट और ओवरलोड वाहनों के चालान करने तथा बिना फिटनेस के चल रहे पुराने और खतरनाक वाहनों को मौके पर ही सीज करने को कहा है।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षित और सुगम चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।

Leave a Comment