Udayprabhat
uttrakhand

गंगा दशहरा पर्व पर मणिकर्णिका घाटमें हुआ गंगा विश्व धरोहर पुस्तक का विमोचन

उत्तरकाशी: गंगा दशहरा पर्व के पावन अवसर पर मणिकर्णिका घाट, उत्तरकाशी में विज्ञान शिक्षक एवं गंगा विश्व धरोहर मंच के संयोजक डॉ. शंभू प्रसाद नौटियाल द्वारा लिखित पुस्तक “गंगा विश्व धरोहर” का भव्य विमोचन किया गया। यह पुस्तक गंगा नदी के सांस्कृतिक, सामाजिक और वैज्ञानिक पहलुओं पर आधारित है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही चारधाम हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. के.पी. जोशी, जिला विकास प्राधिकरण उत्तरकाशी के परियोजना निदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

इस अवसर पर समाज, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, संस्कृति एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई लोगों को “गंगा श्री सम्मान” से सम्मानित किया गया।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन का आधार है, और इसके संरक्षण में समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

पुस्तक के लेखक डॉ. शंभू प्रसाद नौटियाल ने बताया कि इसमें गंगा की जैव विविधता, हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण, जल साक्षरता और गंगा संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को सरल और शोधपरक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पुस्तक को गंगा संरक्षण और जनजागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। मणिकर्णिका घाट पर आयोजित इस आयोजन में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Leave a Comment