हरिद्वार: हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने स्पष्ट किया कि सभी विभागों को भारत सरकार द्वारा स्वीकृत धनराशि के अनुरूप कार्यों को तत्काल गति देनी होगी। सीसीआर सभागार में हुई बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि जिन योजनाओं की निविदाएं प्रथम प्रयास में स्वीकृत नहीं हो सकीं, उनकी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि निविदा प्रक्रिया में अनावश्यक देरी करने वाले विभागों की योजनाएं निरस्त कर उनकी धनराशि अन्य प्राथमिक कार्यों में उपयोग की जा सकती है। मेलाधिकारी ने कहा कि समयसीमा में पूरे न हो सकने वाले कार्यों पर संसाधन न गंवाए जाएं और प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट तेजी से पूरे किए जाएं।
बैठक में निर्देश दिए गए कि बरसात से पहले अधिकतम कार्य प्रगति सुनिश्चित की जाए। साथ ही केएफडब्ल्यू वित्त पोषित सीवरेज योजना के सभी कार्य 30 जून तक हर हाल में पूर्ण करने और प्रभावित सड़कों की मरम्मत तुरंत करने के आदेश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को भूपतवाला क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के सुधार कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। विद्युत, पेयजल, अस्थायी बस अड्डों के विकास और खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 जैसे बड़े आयोजन की सफलता के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय और समयबद्ध कार्य अनिवार्य है, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
