चमोली: गौचर और मलारी स्थित विद्यालयों में भाषाई समर कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के बालक-बालिकाओं को भाषा अधिगम और संवाद कौशल से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।
मलारी स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवली बगड़ में आयोजित कैम्प का शुभारंभ प्रधानाध्यापक निरंजन प्रसाद डिमरी ने किया। उन्होंने छात्रों को भाषाई कैम्प की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। प्रथम दिवस पर अध्यापक महावीर नेगी द्वारा विद्यार्थियों को अंग्रेजी के साथ असमिया भाषा के प्रारंभिक शब्द, वाक्य और संवाद अभ्यास कराया गया। दूसरे दिन हिंदी एवं असमिया भाषा में संवाद, वाक्य निर्माण तथा समूह गतिविधियों का आयोजन किया गया। फ्लैश कार्ड्स के माध्यम से शिक्षण को और अधिक रोचक बनाया गया।
इस अवसर पर शिक्षक शिवलाल कोहली, अनिल मेवाड़, कुलदीप सिंह नेगी एवं बीरेंद्र सिंह नेगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महावीर नेगी द्वारा किया गया।
वहीं दूसरी ओर पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर में भी DIET Gauchar के मार्गदर्शन में 27 मई से 02 जून तक बहुभाषी समर कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यहां प्रधानाचार्य डॉ. सुमन ध्यानी शर्मा एवं शिक्षिकाओं द्वारा भारतीय सांकेतिक भाषा की जानकारी दी गई तथा छात्राओं को संप्रेषण के नए माध्यमों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर सारदा रावत, साधना, आशादीप मैठाणी, बीना एवं वार्ड सभासद पूनम रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया।
