Udayprabhat
uttrakhand

5 लाख ले लो, मेरे भाई को बचा लो… गंगा की तेज धारा में बहा कांवड़िया, बड़े भाई की चीख ने दहला दिया घाट

पौड़ी/देवप्रयाग: सावन के दौरान कांवड़ यात्रा के बीच गंगा घाटों पर बढ़ती भीड़ के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। पौड़ी जिले के देवप्रयाग स्थित टोंडेश्वर घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक कांवड़िया अचानक नदी की तेज धारा की चपेट में आकर बह गया। आंखों के सामने छोटे भाई को नदी में बहता देख उसका बड़ा भाई बदहवास हो गया और लोगों से उसे बचाने की गुहार लगाने लगा।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक रोते-बिलखते हुए आसपास मौजूद लोगों से अपने भाई को बचाने की अपील करता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान उसकी जुबान से निकली बात ने मौके की भयावह स्थिति को बयां कर दिया—“कोई 5 लाख ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो।”

बताया जा रहा है कि कांवड़िया गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और कुछ ही क्षणों में नदी की धारा में बहने लगा। किनारे मौजूद उसके बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए मदद मांगी, लेकिन बरसात के कारण उफन रही नदी के तेज बहाव के सामने तमाम प्रयास नाकाफी साबित हुए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया. बहने वाले युवक की पहचान आर्यन मिश्रा (24), पुत्र सतेंद्र मिश्रा, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है.
-रविंद्र भंडारी,सहायक उपनिरीक्षक-

 

हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भाई की दर्दभरी पुकार ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग नदी में स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।

सावन और कांवड़ यात्रा के चलते इन दिनों गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट रही है। बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के भीतर रहने और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।

Leave a Comment