Udayprabhat
uttrakhand

शीतकाल के लिए बंद हुए रुद्रनाथ मंदिर के कपाट, डोली गोपीनाथ मंदिर के लिए रवाना

चमोली: पंच केदारों में से चतुर्थ केदार रुद्रनाथ महादेव मंदिर के कपाट आज शुभ ब्रह्म मुहूर्त में वैदिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। सुबह मंदिर के मुख्य पुजारी ने अंतिम पूजा-अर्चना संपन्न कर भगवान रुद्रनाथ जी की उत्सव डोली को गोपेश्वर स्थित श्री गोपीनाथ मंदिर के लिए रवाना किया। कपाट बंद होने के दौरान पूरा परिसर शिव भक्तों के जयकारों से गूंज उठा।

करीब 11,808 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 19 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई करनी पड़ती है। कपाट बंद होने के बाद छह माह तक श्रद्धालु भगवान रुद्रनाथ के दर्शन गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर में कर सकेंगे।

पुजारी सुनील तिवारी ने बताया कि सुबह चार बजे से पूजा-अर्चना शुरू हुई और छह बजे कपाट बंद किए गए। साढ़े सात बजे उत्सव डोली रुद्रनाथ से रवाना होकर पंच गंगा, पितृधार, पनार गुग्याल और मोली बुग्याल होते हुए सगर गांव पहुंचेगी। रास्ते में भगवान को नए अनाज का भोग लगाया जाएगा और सूर्यास्त से पहले डोली गोपीनाथ मंदिर पहुंच जाएगी।

परंपरा अनुसार, कपाट बंद करते समय भगवान को मंदार (बुखला) के 251 पुष्प गुच्छों से ढका गया। कपाट खुलने पर इन पुष्पों को श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा।

रुद्रनाथ मंदिर उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित है और पंचकेदार में इसका विशेष धार्मिक महत्व है। यहां भगवान शंकर के मुख की पूजा होती है, जबकि शरीर की पूजा नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में की जाती है।

Leave a Comment