158 लोगों के खिलाफ मजिस्ट्रेट को भेजी गई रिपोर्ट
देहरादून: आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दून पुलिस ने शहर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में मुख्य मार्गो, फुटपाथों और बाजारों में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन के आवागमन और यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले अस्थाई अतिक्रमण को हटाना था।
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत दून पुलिस ने कड़ाई से कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों, मुख्य मार्गों व फुटपाथों और दुकानों के बाहर सामान लगाकर या वाहनों को खड़ा कर यातायात बाधित करने वाले लोगो पर कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 280 व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान करते हुए उनसे 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। 85 व्यक्तियों का 83 पुलिस एक्ट के तहत न्यायालय के चालान किए गए।
सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर न्यूसेंस फैलाने वाले 158 व्यक्तियों के खिलाफ 152 बीएनएसएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत आवश्यक कार्यवाही को संबंधित मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजी गई। दून पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई से मुख्य बाजारों और मार्गो पर सुगम आवागमन सुनिश्चित हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए है कि त्योहारी सीजन में आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा न हो।
