Udayprabhat
uttrakhand

शहीद उप-निरीक्षक भूपाल सिंह की शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

शहीद उप-निरीक्षक भूपाल सिंह को शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि, कीर्ति चक्र विजेता को किया गया नमन

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा स्थित सशस्त्र सीमा बल (SSB) के क्षेत्रक मुख्यालय परिसर में कीर्ति चक्र से सम्मानित शहीद उप-निरीक्षक भूपाल सिंह की शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। ग्राम बल्टा, जनपद अल्मोड़ा के निवासी शहीद भूपाल सिंह को उनकी वीरता और सर्वोच्च बलिदान के लिए याद किया गया।

इस अवसर पर शहीद स्मारक पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। शहीद की पत्नी मोहिनी देवी, पुत्र आशुतोष और अभितोष मेहता सहित सेवानिवृत्त कार्मिकों, संदीक्षा सदस्यों, अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में सुधांशु नौटियाल, उप-महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल अल्मोड़ा द्वारा शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा गार्ड द्वारा शोक शस्त्र सलामी दी गई। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

सभा में शहीद भूपाल सिंह के जीवन परिचय एवं उनके अदम्य साहस के बारे में उपस्थित कार्मिकों एवं अन्य लोगों को जानकारी दी गई। इस दौरान उनकी पत्नी मोहिनी देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

इसके अतिरिक्त संदीक्षा सभागार में कार्यकारी संदीक्षा अध्यक्षा द्वारा मोहिनी देवी का स्वागत किया गया और संदीक्षा परिवार को शहीद के योगदान से अवगत कराया गया।

इस कार्यक्रम में बी.सी. जोशी (कमांडेंट), विरेन्द्र सिंह चौधरी (उप कमांडेंट सामान्य), रविनन्द झा (उप कमांडेंट), विपिन कुमार कटारा (उप कमांडेंट), राजकुमार (सहायक कमांडेंट) सहित अन्य अधिकारी, जवान, संदीक्षा सदस्याएँ और सेवानिवृत्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment