देहरादून: क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र के मोहब्बेवाला में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नेशनल हाईवे से देहरादून की ओर आ रहा ईंटों से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 200 मीटर आगे जाकर एक गर्ल्स हॉस्टल की दीवार तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक चालक मशरूर मुजफ्फरनगर से ईंटें लेकर देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला में ढलान वाले हिस्से पर बनाए गए रंबल स्ट्रिप से गुजरने के दौरान ट्रक में तेज झटके लगे। चालक के अनुसार, इसके बाद वाहन के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। ट्रक को नियंत्रित करने की कोशिश के बावजूद वह सड़क से आगे निकल गया और हॉस्टल की दीवार से टकराकर परिसर में पलट गया।

पुलिस ने चालक को सुरक्षित निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। क्लेमेंटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला। चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।
रंबल स्ट्रिप पर उठ रहे सवाल
मोहब्बेवाला में हाल में हुए सड़क हादसे के बाद वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से ढलान वाले हिस्से में रंबल स्ट्रिप बनवाई गई थीं। इनका उद्देश्य तेज रफ्तार वाहनों की गति कम करना था। हालांकि, कुछ वाहन चालकों का कहना है कि रंबल स्ट्रिप से भारी वाहनों में तेज उछाल हो रहा है।
इस हादसे के बाद अब रंबल स्ट्रिप की बनावट और भारी वाहनों पर उसके प्रभाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, ट्रक के ब्रेक वास्तव में किस वजह से फेल हुए, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पहले भी हो चुका है हादसा
मोहब्बेवाला क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग घायल हुए थे। घटना के बाद देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इसके बाद ढलान वाले हिस्से में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे।
