Udayprabhat
uttrakhand

पिथौरागढ़ के दो पर्वतारोहियों ने लद्दाख की तीन चोटियां की फतह

पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ के दो युवा पर्वतारोहियों ने लद्दाख की तीन दुर्गम ऊंची चोटियों पर सफल आरोहण कर जिले का नाम रोशन किया है। इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आईस) संस्था के प्रशिक्षक मुकेश और लोकेश ने हाई एल्टीट्यूड माउंटेनियरिंग अभियान के तहत 6,440 मीटर ऊंची माउंट कांग यात्से-1, 6,300 मीटर की जोजोंगो वेस्ट और 6,250 मीटर ऊंची जोजोंगो ईस्ट चोटी पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया।

संस्था के अध्यक्ष विश्वदेव पांडेय वासू और सचिव जगदीश कलौनी के अनुसार अभियान के दौरान पर्वतारोहियों को कम ऑक्सीजन, अत्यधिक ठंड, तेज हवाओं और तकनीकी चढ़ाई जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों ने अपने अनुभव और प्रशिक्षण के दम पर तीनों चोटियों का सफल आरोहण किया।

मुकेश और लोकेश आईस संस्था में प्रशिक्षक के रूप में हाई एल्टीट्यूड माउंटेनियरिंग का प्रशिक्षण भी देते हैं। उनकी इस उपलब्धि को जिले के युवा पर्वतारोहियों के लिए प्रेरणादायी बताया गया है।

दारमा घाटी तक साइकिल यात्रा करेंगे पवन और शुभम

पर्वतारोही स्वर्गीय पुरमल सिंह धर्मशत्तू की स्मृति में आईस संस्था के प्रशिक्षक पवन और शुभम दारमा घाटी तक साइकिल यात्रा भी करेंगे। करीब 364 किलोमीटर लंबी यह यात्रा छह रात और सात दिन में पूरी की जाएगी। पिथौरागढ़ से शुरू होकर यात्रा करीब 3,500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सीपू गांव तक पहुंचेगी।

यात्रा के माध्यम से युवाओं को ‘नशे से रहें दूर, जीवन संवारें भरपूर’ और ‘आपदा से आगे, उम्मीद की सवारी’ संदेश दिया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और आपदा जैसी कठिन परिस्थितियों में हौसला बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Comment