थराली: स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सेराज मोहम्मद ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न स्नातक कक्षाओं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण 1 मई 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल के माध्यम से 50 रुपये का ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। बीए और बीएससी जैसे पारंपरिक पाठ्यक्रमों के प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए वही छात्र पात्र होंगे जिन्होंने इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया है।
प्राचार्य के अनुसार प्रत्येक अभ्यर्थी को पंजीकरण शुल्क केवल एक बार ही जमा करना होगा। सभी बोर्डों के इंटरमीडिएट परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिसके चलते पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी समर्थ पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
