रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना गौरीकुंड के छोटी पार्किंग क्षेत्र के पास सामने आई, जहां नदी किनारे एक युवक मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे एक घोड़ा संचालक ने नदी किनारे पड़े शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट सोनप्रयाग की टीम निरीक्षक अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि शव बेहद दुर्गम और जोखिमपूर्ण स्थान पर पड़ा हुआ था। SDRF जवानों ने कड़ी मशक्कत और सुरक्षा उपायों के साथ शव को स्ट्रेचर की मदद से नदी किनारे से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
गौरतलब है कि केदारनाथ यात्रा सीजन के दौरान गौरीकुंड और सोनप्रयाग क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में यात्रा मार्ग पर अज्ञात शव मिलने की घटना ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन या परिचित लापता है, तो वे संबंधित पुलिस थाने से संपर्क कर जानकारी साझा करें।
