Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में पलटन बाजार के साड़ी-लहंगा शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान राख

देहरादून: देहरादून के व्यस्त पलटन बाजार में बुधवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड हो गया। यहां एक साड़ी और लहंगा शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले शोरूम की तीसरी मंजिल पर लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धुएं का घना गुबार आसमान तक फैल गया। आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में एक दमकल गाड़ी भेजी गई, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 6 फायर टेंडर मौके पर बुलाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुकान के बाहर लगे बिजली के प्लग में चिंगारी उठने के बाद तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग फैल गई। हालांकि, प्रशासन की ओर से मामले की जांच अभी जारी है।

सीएफओ का बयान: सीएफओ अभिनव त्यागी का कहना है कि-

आग लगने के बाद 5 से 7 मिनट में ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी. दमकल की 6 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है. यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है और जो भी नुकसान हुआ है उसके बारे में दुकान मालिक आकलन कर रहा है. -अभिनव त्यागी, सीएफओ-

दुकान मालिक के अनुसार, आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है।

Leave a Comment