Udayprabhat
accidentuttrakhand

नैनीताल में तेज रफ्तार कार का कहर, तीन लोगों को रौंदकर पुलिसकर्मी फरार

नैनीताल। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल के तल्लीताल फांसी गदेरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार हरि नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल पेंटिंग का काम करने राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस जा रहे थे। इसी दौरान चढ़ाई पर तेज रफ्तार कार ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद भी चालक नहीं रुका और घायलों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, तब तक चालक वाहन सड़क पर छोड़कर फरार हो चुका था।

स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन के नीचे फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार बिहारी लाल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि वाहन एक पुलिसकर्मी द्वारा चलाए जाने की सूचना मिली है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक व उसके साथी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment