Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

तिब्बती मार्केट हत्याकांड: दून पुलिस से मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

देहरादून: देहरादून में हुए तिब्बती मार्केट हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात अलग-अलग स्थानों पर हुई पुलिस मुठभेड़ में हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें तत्काल कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट क्षेत्र में दिनदहाड़े गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह ने विशेष टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश में शहर और देहात क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कराया था।

लालतप्पर में पहली मुठभेड़

पुलिस को लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार संदिग्धों की सूचना मिली। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भाग निकले और एक खंडहरनुमा फैक्ट्री परिसर में घुसकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

लाडपुर जंगल में दूसरी कार्रवाई

दूसरा आरोपी रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में पुलिस की नाकेबंदी के दौरान घिर गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने भी पुलिस पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने अर्जुन शर्मा की हत्या करना स्वीकार किया है। हालांकि हत्या के पीछे की वजहों को लेकर पुलिस अभी विस्तृत पूछताछ कर रही है।

एसएसपी पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अजय सिंह स्वयं कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और आरोपियों की स्थिति तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाएगा।

सीसीटीवी से मिली थी अहम सुराग

हत्या के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ की गई। मृतक अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित “अमर दीप” नामक भारत गैस एजेंसी के संचालक थे।

Leave a Comment