कड़ाके की ठंड में भी डटे प्रदर्शनकारी, 4 जनवरी को कैंडल मार्च का ऐलान
देहरादून। नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती को वर्षवार किए जाने की मांग को लेकर चल रहा धरना 29वें दिन भी शांतिपूर्ण रूप से जारी रहा। आंदोलनरत कर्मी कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम के बावजूद अनुशासन और संयम के साथ धरना स्थल पर बैठे रहे।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
धरनारत कर्मियों ने सरकार का ध्यान लंबित भर्ती प्रक्रिया की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से आगामी 4 जनवरी को कैंडल मार्च निकालने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यह कैंडल मार्च भी शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा, ताकि संवैधानिक तरीके से अपनी बात शासन तक पहुंचाई जा सके।
आंदोलनकारियों ने दो टूक कहा कि जब तक नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती को लेकर कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका धरना और आंदोलन इसी प्रकार शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।
